'सपा-कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ाया, मोदी-योगी सरकार ने गरीबों तक पहुंचाया योजनाओं का लाभ'-केशव प्रसाद उपमुख्यमंत्री 


मेजा-कोरांव संयुक्त कार्यकर्ता बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र


मेजा /प्रयागराज 28 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को मेजा के सिरखिड़ी स्थित एमवी पैलेस एंड रिजॉर्ट में आयोजित मेजा एवं कोरांव विधानसभा की संयुक्त कार्यकर्ता बैठक एवं ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी और अखिलेश यादव कान खोलकर सुन लें, महिलाओं को उनका अधिकार दिलाकर रहेंगे। जितना दम लगाना है लगा लें, महिला आरक्षण लागू होकर रहेगा।"

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल को खचाखच भर दिया है, उसी प्रकार आने वाले चुनाव में ईवीएम भी कमल के समर्थन से भरने का काम करेंगे। सरकार गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने, महिलाओं को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा विकास के लिए सरकारी खजाना खोलने का कार्य कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार, गुंडाराज और परिवारवाद का बोलबाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों में जनता के लिए भेजा गया धन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, जबकि आज मोदी-योगी सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कमल का बटन दबाने का परिणाम है कि गरीबों को राशन, आवास, शौचालय, आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क चिकित्सा जैसी सुविधाएं मिली हैं और प्रदेश से गुंडे भागने को मजबूर हुए हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे, लेकिन आज कानून का राज स्थापित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और बेटियां देर रात भी स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं। हाल में हुए छात्र आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस से जुड़े असामाजिक तत्वों ने छात्रों की आड़ लेकर हिंसा, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी कर प्रदेश को बदनाम करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन परिवारों के कई सदस्य सांसद हैं, वे नहीं चाहते कि गरीब, किसान, मजदूर और सामान्य वर्ग की महिलाएं संसद तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने उपमुख्यमंत्री का बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया तथा कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर करछना विधायक पियूष रंजन निषाद, कोरांव विधायक राजमणि कोल तथा पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उपमुख्यमंत्री सर्व प्रथम दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ बंदेमातरम गायन से किया। अंत मे स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा डबल इंजन सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीकात्मक चाबियां वितरित कीं। साथ ही गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है।

संचालन जिला महामंत्री प्रदीप पांडेय ने किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, योगेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, विनोद प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, राजेश्वरी तिवारी, अनिल मिश्रा, सुधाकर पांडेय, रत्नाकर सिंह पटेल, रामसुख कुशवाहा, सतीश विश्वकर्मा, सुभाष कन्नौजिया, कलेक्टर पांडेय, इन्द्रदेव शुक्ल 'राजू', गंगाप्रसाद मिश्रा, मुकेश कोल,अशोक सिंह, पप्पू गौतम, अमरेश तिवारी सहित दोनों विधानसभाओं के बड़ी संख्या में पदाधिकारी,कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।