धान खरीद की तैयारियां अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश, समितियों की ऋण सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख
वाराणसी। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता जेपीएस राठौर की अध्यक्षता में शनिवार को सर्किट हाउस, वाराणसी में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री महोदय ने विभागीय योजनाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए वर्तमान खरीफ सीजन की धान खरीद की तैयारियों को अभी से सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धान क्रय केंद्रों का चयन पूरा कर लिया गया है। अब इन केंद्रों पर हर प्रकार की तैयारियों की गहन समीक्षा कर ली जाए। विगत वर्षों का बकाया कमीशन सभी समितियों को उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इससे पूर्व संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक वाराणसी मंडल सोमी सिंह ने बुके देकर माननीय मंत्री का स्वागत किया।
बैठक में 100 से 2500 मीट्रिक टन क्षमता वाले नए गोदामों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री महोदय ने जिला सहकारी बैंक जौनपुर, वाराणसी और गाजीपुर से पैक्स कंप्यूटराइजेशन योजना के अंतर्गत समितियों के डायनामिक डे-एंड, ऑन सिस्टम ऑडिट तथा ई-पैक्स रूपांतरण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी समिति डे-एंड से बाहर नहीं निकलनी चाहिए। सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसानों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए सरकार ने समितियों की ऋण सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने का फैसला लिया है। इससे समितियां और सशक्त होंगी तथा किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।बैठक में गोदामों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत योजना, जन औषधि केंद्र तथा अन्य सामयिक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए। समीक्षा बैठक में संयुक्त आयुक्त वाराणसी मंडल सोमी सिंह, सहायक आयुक्त वाराणसी सुरेंद्र मौर्य, सहायक आयुक्त जौनपुर बृजेश पाठक, सहायक आयुक्त गाजीपुर विपिन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा तथा जिला सहकारी फेडरेशन के चेयरमैन राकेश सिंह अलगू, सीईओ जिला सहकारी बैंक, जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू एवं यूपीएसएस तथा अपर जिला सहकारी अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments (0)