वाराणसी। सनबीम कॉलेज फॉर वूमेन, भगवानपुर में आज ‘द नेक्स्टलीप : विकसित भारत–2047’ स्टार्टअप शो का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं नए व्यावसायिक विचारों को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में वाराणसी के विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति, शिक्षाविद् एवं व्यवसाय जगत के विशिष्ट व्यक्तित्वों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इनमें डॉ. पी.वी. राजीव ( एआईसी बीएचयू ), पीयूष कोठारी (वाराणसी कार्पेट्स), सीए राज अग्रवाल (स्टडी एट होम), डॉ. स्नेहा गुप्ता (एटॉमिक ग्रुप) तथा अनुपम रघुवंशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, अशोका इंस्टीट्यूट, शेपा सहित वाराणसी के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी विचारों, स्टार्टअप अवधारणाओं एवं उद्यमशील दृष्टिकोण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में प्रतिमा गुप्ता, सहायक निदेशक, तथा संदीप मुखर्जी, मुख्य परिचालन अधिकारी, सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक व्यावसायिक अवसरों में परिवर्तित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए शीर्ष प्रायोजक पशुपति, सह-प्रायोजक मसाला मिस्ट, तथा एसोसिएट प्रायोजक सागर रत्ना एवं द सिटी स्टेज के प्रति संस्था ने आभार व्यक्त किया।

समापन अवसर पर सनबीम कॉलेज फॉर वूमेन के प्राचार्य डॉ. सौरभ सेन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, सहयोगी संस्थानों एवं प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासक सरिता राव ने अपने संबोधन में युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा, उद्यमशीलता और नवाचार को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम ने युवा प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करते हुए यह संदेश दिया कि नवाचार और उद्यमिता से सशक्त युवा ही 2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।