मेजा, प्रयागराज। मेजा तहसील क्षेत्र के पकरी सेवार गांव में निर्माणाधीन जल जीवन मिशन के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में रविवार दोपहर एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय भुवन यादव पुत्र कृशलाल यादव, निवासी चंदाहांडी, जिला - उड़ीसा के रूप में हुई है।

सूत्रों की माने तो भुवन यादव रविवार को अन्य मजदूरों के साथ प्लांट में काम कर रहा था। दोपहर करीब 2 बजे वह अचानक जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद साथी मजदूरों ने आनन-फानन में उसे उठाया और सीएचसी रामनगर लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन शहर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मजदूर की मौत को लेकर दो तरह की बातें सामने आ रही हैं। साथ काम कर रहे कुछ मजदूरों का कहना है कि काम के दौरान भुवन करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह झुलस गया। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट में ठेकेदार द्वारा मजदूरों से बिना हेलमेट, ग्लब्स और अन्य सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा है। 

घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।