मेजा, प्रयागराज। ईद-ए-मिलादुन्नबी/बारावफात के अवसर पर गुरुवार को खानपुर और सोरांव क्षेत्र से मेजरोड बाजार तक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान नात-ए-पाक और धार्मिक नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जुलूस के माध्यम से लोगों ने अमन, शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए मेजरोड बाजार पहुंचा। रास्ते में लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी मेजा नितेंद्र शुक्ला, चौकी प्रभारी सिरसा प्रभाकर शुक्ला, चौकी प्रभारी रामनगर अभिनव उपाध्याय तथा चौकी इंचार्ज मेजरोड हरिओम मौर्या पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए। कांस्टेबल अमित निषाद और राहुल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग किया।


जुलूस में समाजसेवी एवं भावी जिला पंचायत सदस्य सतीश चंद्र गुप्ता, कृष भाई, लल्लन चच्चा उर्फ गुल मोहम्मद, मोहम्मद जफर, अरुण, मुमताज और हाफिज गुलाम मुस्ताज समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजकों और शामिल लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस संपन्न कराने में सहयोग किया।


जुलूस के दौरान वक्ताओं और समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना है। लोगों ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने तथा सभी धर्मों के लोगों के बीच आपसी सद्भाव कायम रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।