मेजा। डोरवा मोड़ से मां शीतला धाम जाने वाले मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन जाने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी भयावह हो जाती है। लोगों का कहना है कि मार्ग पर कई स्थानों पर तालाब जैसे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ मां शीतला धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके अलावा आसपास के गांवों के स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से होकर आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण बच्चों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। पानी भरे गड्ढों में सड़क की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के गिरने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। कई जगह सड़क का हिस्सा टूटकर पूरी तरह उखड़ चुका है।
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) से मांग की है कि मार्ग का जल्द निरीक्षण कराकर गड्ढों को भरने के साथ सड़क की मरम्मत कराई जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है।
Comments (0)