वाराणसी। साइबर क्राइम सेल की प्रतिबिम्ब टीम और थाना चेतगंज पुलिस ने कमीशन का लालच देकर लोगों के नाम पर फर्जी फर्म व बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह से जुड़े 41 बैंक खातों पर देशभर में 143 NCRP शिकायतें मिली हैं और इन खातों के जरिए करीब 116.86 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम से फर्म और बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद बैंक किट, इंटरनेट बैंकिंग की यूजर आईडी, पासवर्ड और मोबाइल नंबर हासिल कर लेते थे। आरोपी मोबाइल में ‘XePay’ APK इंस्टॉल कर SMS Forwarding चालू कर देते थे। इसके जरिए दूर बैठे साइबर अपराधी OTP हासिल कर ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसका स्रोत छिपाते थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 19 चेकबुक, 6 पासबुक, 40 डेबिट कार्ड, 2 क्रेडिट कार्ड, 48 QR कोड स्कैनर समेत अन्य दस्तावेज और दो वाहन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में नितिश कुमार पाण्डेय, दुष्यन्त सिंह, हिमांशु झा और मो. रेहान शामिल हैं। वहीं प्रतीक तिवारी उर्फ बंटी और रोमिल वर्मा पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना चेतगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशन में साइबर क्राइम सेल और थाना चेतगंज की संयुक्त टीम द्वारा की गई।