मेजा, प्रयागराज। विकासखंड उरुवा क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर के मुख्य गेट पर इन दिनों भारी जलजमाव होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के बाद अस्पताल परिसर के बाहर पानी जमा हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी फैला हुआ है।

अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को इसी जलजमाव और कीचड़ के बीच से होकर अंदर जाना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी में फिसलन होने के कारण कई मरीज और तीमारदार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

मरीजों का कहना है कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलजमाव होना स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है। पानी निकासी का रास्ता नहीं होने से कई घंटों तक पानी जमा रहता है और धीरे-धीरे कीचड़ में तब्दील हो जाता है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अस्पताल के मुख्य गेट के पास जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाला या उचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं बनाई गई तो बारिश के दिनों में मरीजों की परेशानी और बढ़ सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराकर रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।