चंदौली। बबुरी रोड स्थित जनसेवा केंद्र संचालक से रुपये से भरा बैग लूटने के मामले में चंदौली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2,87,140 रुपये नकद, स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के करीब 12 घंटे के भीतर अलीनगर पुलिस ने अंतर-थाना समन्वय और घेराबंदी के जरिए आरोपियों को झांसी अंडरपास के पास पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, बसिला गांव निवासी तंजीर अहमद का कैली मोड़ ओवरब्रिज के नीचे जनसेवा केंद्र है। इसकी एक शाखा बबुरी रोड स्थित जेबी पैलेस के पास भी है। नौ अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह शाखा से ऑनलाइन भुगतान के 2,62,866 रुपये और दुकान के 40 हजार रुपये नकद बैग में रखकर अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक बदमाश ने असलहे के पिछले हिस्से से उनके सिर पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, भागते समय बदमाशों की कार नहर की पुलिया के पास लोहे के संकेतक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद वे कार छोड़कर पैदल भागने लगे। इसी दौरान अलीनगर पुलिस ने झांसी अंडरपास के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र के छोटालालपुर निवासी सुधांशु यादव (24), चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहां निवासी पियूष यादव उर्फ बाबू (19) और मनीष यादव (25) तथा चौबेपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी अनुज यादव (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, उनके चार अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में कोतवाली चंदौली में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चंदौली कोतवाली और अलीनगर थाने की पुलिस शामिल रही।
Comments (0)