मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के कोठिया गांव मोड़ पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुए सड़क हादसे में 50 वर्षीय निर्मला पत्नी रामजन्म की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि निर्मला अपने घर से पैदल मुहम्मदाबाद गोहना दवा लेने जा रही थीं। जैसे ही वह कोठिया गांव मोड़ के पास पहुंचीं की पीछे से तेज रफ्तार मिट्टी लदे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के मार्गों पर जांच कराई जा रही है।
दुर्घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध खनन को हादसे का कारण बताते हुए नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि कोठिया गांव में कई दिनों से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन और डंपरों के संचालन पर रोक लगाई गई होती तो यह हादसा नहीं होता। मृतका अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियों का परिवार छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।
Comments (0)