वाराणसी। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता वाराणसी सुरेंद्र कुमार मौर्य के निर्देश पर जिला सहकारी बैंक वाराणसी की राजा तालाब शाखा में एडीसीओ अवधेश सिंह ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में ब्लॉक की विभिन्न समितियों के सचिवों की उपस्थिति में उर्वरक सेतु ऐप, संतुलन पत्र तथा कंप्यूटराइजेशन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। समीक्षा के दौरान एडीसीओ अवधेश सिंह ने पाया कि अब तक लगभग 100 किसानों को ही उर्वरक सेतु ऐप डाउनलोड कराया जा सका है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को यह ऐप डाउनलोड कराने की प्रगति अत्यंत धीमी है। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिया कि इसमें तत्काल तेजी लाई जाए। अवधेश सिंह ने बताया कि उर्वरक सेतु ऐप डाउनलोड होने से किसानों को घर बैठे ही उर्वरक की बुकिंग करने की सुविधा मिलेगी। इससे सचिवों को भी प्रतिदिन समिति पर किसानों की भारी भीड़ से राहत मिलेगी। बैठक में सभी उपस्थित सचिवों को उर्वरक सेतु ऐप डाउनलोड कराया गया।

संतुलन पत्र के संबंध में समीक्षा में सामने आया कि ब्लॉक की कुल 15 बीपैक्स में से 14 का संतुलन पत्र प्राप्त हो चुका है। केवल भवानीपुर समिति का संतुलन पत्र अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस पर एडीसीओ अवधेश सिंह ने सचिन राजेश सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि संतुलन पत्र तीन दिन के अंदर जनपदीय कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर दस्तावेज जमा न करने पर कार्रवाई की जाएगी। कंप्यूटराइजेशन के मुद्दे पर भी एडीसीओ ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी समिति डीहैंड से बाहर नहीं होनी चाहिए। वाउचरों की प्रतिदिन फीडिंग सुनिश्चित की जाए ताकि रिकॉर्ड अपडेट रहे और पारदर्शिता बनी रहे। बैठक में एडीसीओ अवधेश सिंह, शाखा प्रबंधक कुंवर देवेंद्र प्रताप सिंह, कैशियर अशोक सिंह, सचिव ऋषि नारायण सिंह, विभूति नारायण श्रीवास्तव, राजेश सिंह, अनिल यादव, पंकज कुमार, प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।