वाराणसी । सावन के प्रथम सोमवार पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गिरजाघर मार्ग से गोदौलिया, श्री काशी विश्वनाथ धाम, कॉरिडोर और गंगा घाटों तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि सावन के पहले सोमवार पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, जरूरतमंदों की तत्काल सहायता करने और हर परिस्थिति में सतर्क रहने का निर्देश दिया।

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर कांवड़ियों के लिए अलग डेडिकेटेड लेन बनाई गई है। इस मार्ग पर पीआरवी, क्यूआरटी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम, कॉरिडोर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से होगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर क्षेत्र में व्यापक बैरिकेडिंग की गई है। स्थानीय श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए गेट संख्या-4 के साथ गेट संख्या-4बी की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र, अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र, विश्राम स्थल और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जबकि प्रमुख चौराहों पर जिगजैग बैरिकेडिंग और विशेष यातायात प्रबंधन लागू रहेगा।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की निगरानी करेंगे, ताकि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/मुख्यालय) शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।