वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर में साधु के वेश में पहुंचे एक व्यक्ति पर झाड़फूंक के बहाने भरोसा जीतकर सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने पहले मोती की अंगूठी वापस कर उनका विश्वास जीता और फिर करीब 60 हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी लेकर चंपत हो गया। अंगूठी वापस मांगने पर कथित तौर पर उसने ऐसा जवाब दिया, जिसने पीड़ित को हैरान कर दिया। मामले में पीड़ित ने थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पांडेयपुर निवासी श्याम कुमार सिंह के अनुसार, घटना 9 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:10 बजे की है। उनका मकान दुकान के ऊपर है। इसी दौरान साधु के वेश में एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और चाय-पानी पिलाने को कहा। पीड़ित ने परिवार के सदस्य से चाय बनाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बीच कथित साधु ने परिवार के सदस्य को वापस ऊपर जाने के लिए कह दिया। इसके बाद उसने झाड़फूंक करने की बात कहते हुए पहले मोती की अंगूठी मांगी। कुछ देर बाद उसने अंगूठी वापस कर दी, जिससे पीड़ित को उस पर भरोसा हो गया।
आरोप है कि इसके बाद कथित साधु ने पीड़ित से सोने की अंगूठी मांगी। पीड़ित ने भरोसा करते हुए अपनी अंगूठी उसे दे दी, लेकिन इस बार आरोपी ने अंगूठी वापस नहीं की। जब श्याम कुमार सिंह ने अपनी अंगूठी मांगी तो कथित तौर पर आरोपी ने कहा, “अंगूठी खा गए, अगर लेना चाहते हो तो पेट काटकर ले लो।” इसके बाद वह मौके से निकल गया।
पीड़ित के मुताबिक, सोने की अंगूठी का वजन करीब चार ग्राम था और उसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। आसपास तलाश करने के बावजूद आरोपी का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद अब पुलिस के सामने शिकायत की जांच कर कथित आरोपी की पहचान करने और अंगूठी बरामद कराने की चुनौती है।
Comments (0)