वाराणसी। आगामी एयर शो के भव्य आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोहता थाना क्षेत्र में सड़क मार्ग का निरीक्षण किया।

डीसीपी राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी वरुण जोन, एडीसीपी लिपि नगायच और रोहनिया एसीपी अवधेश विश्वकर्मा ने अकेलवा से चांदपुर जाने वाली सड़क का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और संभावित ट्रैफिक डायवर्जन के बिंदुओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस मौके पर लोहता थाना प्रभारी अभिजीत सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र के मार्गों और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य एयर शो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।