वाराणसी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा जिला सहकारी फेडरेशन के चेयरमैन राकेश सिंह अलगू ने संसद भवन परिसर में पप्पू यादव द्वारा हिंदू धर्म और भगवान राम का मजाक उड़ाने के प्रयास पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राम हमारे आराध्य हैं, कोई राजनीतिक संपदा नहीं। सत्ता आएगी-जाएगी, चुनाव आएंगे-जाएंगे, लेकिन करोड़ों सनातनियों की आस्था का उपहास करके तालियां बटोरने की राजनीति कभी स्वीकार नहीं होगी। राकेश अलगू सिंह ने कहा कि रामजन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में किसी पुजारी, साधु या संत का हाथ नहीं थे। यह चोरी वहां के कर्मचारियों द्वारा की गई थी।

इस पर दर्जनों मुकदमों के मुल्जिम पप्पू यादव द्वारा राम मंदिर को राजनीतिक नौटंकी का मंच बनाना केवल करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। यह अक्षम्य है और कतई स्वीकार योग्य नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि सनातन का विरोध करने वाला वास्तविक अर्थों में देश विरोधी है। ऐसे देश और धर्म के विरोधियों के मुंह पर पहलगाम, पुलवामा, उरी और संसद हमले के समय ताला क्यों लग जाता है। एक बार उसका भी स्वांग कर लेते। अलगू सिंह ने जोर देते हुए कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को समाज कभी माफ नहीं करेगा।